रविवार, 14 नवंबर 2010

राम की जल समाधि

पश्चिम में ढलका सूर्य
उठा वंशज
सरयू की रेती से
हारा हारा
रीता रीता
निःशब्द धरा
निःशब्द व्योम
निःशब्द अधर
पर रोम रोम
था टेर रहा सीता सीता.
किसलिए रहे अब ये शरीर
ये अनाथ मन किसलिए रहे
धरती को मैं किसलिए सहूँ
धरती मुझको किसलिए सहे.
तू कहाँ खो गयी वैदेही
वैदेही तू खो गयी कहाँ
मुरझे राजीव नयन बोले
कांपी सरयू
सरयू कांपी
देवत्व हुआ लो पूर्णकाम
नीली माटी निष्काम हुयी
इस स्नेहहीन देह के लिए
अब सांस सांस
संग्राम हुयी .
ये राजमुकुट
ये सिंहासन
ये दिग्विजयी वैभव अपार
ये प्रियाहीन
जीवन मेरा
सामने नदी की अगम धार
मांग रे भिखारी लोक मांग
कुछ और मांग
अंतिम बेला
इन अंचलहीन  आंसुओं से
नहला बूढ़ी  मर्यादाएं
आदर्शों के जलमहल बना
फिर राम मिले न मिले तुझको
कल ऐसी शाम ढले न ढले.
ओ खंडित प्रणयबन्ध मेरे
किस ठौर कहाँ तुझको जोडूँ
कब तक पहनू ये मौन धैर्य
बोलूं भी तो
किससे बोलूं.
सिमटे
अब ये लीला सिमटे
भीतर भीतर गूंजा भर था
छप से पानी में पाँव पड़ा
कमलों से लिपट गयी सरयू
फिर लहरों पर वाटिका खिली
रतिमुख सखियाँ
नतमुख सीता
सम्मोहित मेघबरन तड़पे
पानी घुटनों घुटनों आया
घुटनों घुटनों आया पानी
फिर धुंआ धुंआ
फिर अंधियारा
लहरों लहरों धारा धारा
व्याकुलता फिर पारा पारा
फिर एक हिरन सी
किरन देह
दौड़ती चली आगे आगे
आँखों में जैसे बाण साधा
दो पाँव उड़े
जल में आगे
पानी लो नाभि नाभि आया
आया लो नाभि नाभि पानी .
जल में तम
तम में जल बहता
ठहरो बस और नहीं कहता
जल में कोई जीवित दहता 
फिर एक तपस्विनी शांत सौम्य 
धक् धक् लपटों में
निर्विकार
सशरीर सत्य सी सम्मुख थी
उन्माद नीर चीरने लगा
पानी छाती छाती आया
आया छाती छाती पानी .
भीतर लहरें
बाहर लहरें
आगे जल था
पीछे जल था
केवल जल था
वक्षस्थल था 
वक्षस्थल तक केवल जल था .
जल पर तिरता था नीलकमल
बिखरा बिखरा सा नीलकमल
कुछ और और सा नीलकमल
फिर फूटा जैसे ज्योति प्रहर
धरती से नभ तक
जगर मगर
दो टुकड़े धनुष पड़ा नीचे
जैसे सूरज के हस्ताक्षर
बाहों के  चन्दन घेरे से
दीपित जयमाल उठी ऊपर
सर्वस्व सौंपता शीश झुका
लो शून्य राम
लो राम लहर
फिर लहर लहर
लहरें लहरें
सरयू सरयू
सरयू सरयू
लहरें लहरें
लहरें लहरें
केवल तम ही तम
तम ही तम
जल ही जल
जल ही जल केवल
हे राम  राम
हे राम राम
हे राम  राम 
हे राम राम .

        गीतकार भारत भूषण इस अमर कविता को लिखने के कारण भारतीय जन मानस में सदैव बने रहेंगे.  सालों पहले उनसे मुलाक़ात हुयी थी कवि गीतकार पं उमाकांत मालवीय के घर पर .  बाद में वे दोनों  साथ साथ मेरे घर भी आये . भारत भूषण जी से यह कविता सस्वर सुनी थी.  कविता सुनाते समय उनकी आँखें आंसुओं से भरी थीं. कविता सुनने के बाद बड़ी देर तक कोई कुछ बोल न सका . सीता के चले जाने के बाद  एकाकी राम उनसे पहली भेंट याद करते हैं, धनुष भंग कौंधता है . बाद में सीता का जयमाल उठाना और राम का सर झुकाना, सीता की अग्नि परिक्षा -ये सब  स्मृति में चलचित्र की भाँति आते हैं और राम सरयू की और बढ़ते जाते हैं. जयमाल स्वीकारने के लिए राम का सर झुकाना और  सरयू में विलीन हो जाना. बाद में ऊपर केवल जल ही जल.  सीता के जाने के बाद राम का एकाकीपन और विरह में शरीर त्याग  देना .  सीता का बिछोह राम की जल समाधि पर ही शेष होता है.

3 टिप्‍पणियां: