रविवार, 16 जनवरी 2011

हाउस वाइफ

आज शाम को कुछ मेहमान घर आयेंगे
सुनने में मामूली सी बात लगती है, खैर ...
अम्मा सुबह जल्दी ही उठ गयी
ढेरों काम करने ही थे
और आज तो दोगुने काम थे ...
ब्रश किया, चाय बनायी, पापा को आफिस भेजा
और काम में लग लग गयी
घर साफ़ किया , जाले निकाले
फ्रेमों को साफ़ किया
घर बना चुकी धूल को बेघर किया
पावदान जगह पे किया
देखते ही देखते सारा घर चमचमा दिया
फिर खाना बनाने में जुट गयी
पनीर,मशरूम,खीर .....
न जाने क्या क्या
अम्मा के हाथो से एक एक कर सजते गए
शाम को जब पापा आये
तो चाय बनाई
जल्द ही मेहमान भी आ गए
नीबू की चाय की फरमाइश हुई
चाय बना कर जब अम्मा ,
मेहमानों के पास आकर बैठी
तो किसी ने पूछ लिया
'और आप क्या करती हैं?'
अम्मा ने फीकी सी मुस्कान से थकान पोंछी
और जवाब दिया
'हॉउस वाइफ हूँ .....मैं काम नहीं करती.'

ये अचिन्त्य मालवीय की कविता है जो अभी बारहवीं के छात्र हैं.  महत्वपूर्ण बात है कि इतनी कम उम्र के बच्चे इतने संवेदनशील हैं कि गृहस्थी में दिन रात खटने के बाद भी समाज में एक सामान्य हॉउस वाइफ अन्य काम काजी महिलाओं के मुकाबले कहाँ खड़ी है, ये देख पाते हैं. ज़ाहिर है आने वाला भविष्य बेहतर नागरिकों  वाला होगा.

शुक्रवार, 7 जनवरी 2011

कोई लाके मुझे दे

बच्चों की किसी पत्रिका में यह गीत पढ़ा था जिसे दामोदर अग्रवाल ने लिखा था.  अद्भुत सादा गीत है यह. बड़ों के लिए भी उतना ही मौजूं है जितना की बच्चों के लिए. मैंने इसकी धुन भी बनायीं थी जो हर जगह हर उम्र के लोगों के द्वारा सराही जाती रही है.


कोई लाके मुझे दे .
कुछ रंग भरे फूल,कुछ खट्टे मीठे फल 
थोड़ी बांसुरी की धुन,थोड़ा जमुना का जल . कोई लाके मुझे दे .

एक सोना जड़ा दिन, एक रूपों भरी रात 
एक फूलों भरा गीत, एक गीतों भरी बात. कोई लाके मुझे दे.

एक छाता छाँव का,एक धूप की घड़ी 
एक बादलों का कोट, एक दूब की छड़ी. कोई लाके मुझे दे.

एक छुट्टी वाला दिन, एक अच्छी सी किताब 
एक मीठा सा सवाल, एक नन्हा सा जवाब. कोई लाके मुझे दे.