कुछ शेर जो पढ़े इस बीच -
सब अपने अपने उसूले कशिश पे खिंचते हैं
बदन ज़मीं की तरफ, रूह आसमां की तरफ. -- मोहम्मद अब्दुल क़दीर
लगता है कई रात का जागा है मुसव्विर
तस्वीर की आँखों से थकन झाँक रही है. --- असलम इलाहाबादी
काँटा चुभे तो काँटों पे फिर चल के देखिये
मुमकिन है कोई काँटा ही काँटा निकाल दे. --- ज़मीर अहसन
आप छल बल के धनी हैं जीतिएगा आप ही
आपसे बेहतर मेरी उम्मीदवारी है तो है. --- एहतराम इस्लाम
बहक रहा है नया ये अमीर कैसा है
पता लगाओ कि उसका ख़मीर कैसा है. ---महमूद खाँ रायबरेलवी
सरकने लगती है तब ही क़दम तले से ज़मीन
जब अपने हाथ में सारा जहान लगता है. --- शम्सुर्ररहमान फ़ारुखी
क्या कह के तुझे याद करूं सोच रहा हूँ
हांलाकि मैं अलफ़ाज़ की वादी में खड़ा हूँ. --- मज़हर नसीम
लज्ज़ते ग़म बढ़ा दीजिये / आप फिर मुस्कुरा दीजिये
मेरा दामन बहुत साफ़ है / कोई तोहमत लगा दीजिये
एक समंदर ने आवाज़ दी / मुझको पानी पिला दीजिये
राज़ क्या राज़ की बात क्या / क़हक़हे में उड़ा दीजिये ---- राज़ इलाहाबादी
इरादा ये था कि डालेंगे आसमान पे ख़ाक
नतीजा ये है कि ख़ुद अट गए ग़ुबार में हम --- नैय्यर आकिल
आगाह अपनी मौत से कोई बशर नहीं
सामान सौ बरस का है, कल की खबर नहीं --- हैरत इलाहाबादी
तुम मुख़ातिब भी हो क़रीब भी हो
तुमको देखूँ कि तुमसे बात करूं --- फिराक गोरखपुरी
तबीयत अपनी घबराती है जब सुनसान रातों में
हम ऐसे में तेरी यादों की चादर तान लेते हैं --- फिराक गोरखपुरी
ऐसे वैसे कैसे कैसे हो गए
कैसे कैसे ऐसे वैसे हो गए --- नूह नारवी
हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम
वो क़त्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होता --- अकबर इलाहाबादी
हंगामा है क्यूँ बरपा थोड़ी सी जो पी ली है
डाका तो नहीं डाला चोरी तो नहीं की है --- अकबर इलाहाबादी
कोई सूरज बनाता है कोई जुगनू बनाता है
मगर वैसा कहाँ बनता है जैसा तू बनाता है --- अतीक इलाहाबादी
एक मज़े की बात ये है कि इन शेरों के लिखने वाले शायर या तो इलाहाबाद शहर के रहने वाले थे या फिर बाहर से आकर यहाँ बस गए थे. इनकी बहुत सी पंक्तियाँ तो मुहावरों का रूप ले चुकी हैं. मैंने इन शेरों को अपने मित्र ख्वाजा जावेद अख्तर के एक लेख को पढ़ते समय नोट किया था. ख्वाजा जावेद ख़ुद भी एक अच्छे शायर हैं और मुशायरों का संचालन भी अच्छा करते हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें