रमेश रंजक का एक गीत जो उन्होंने अपनी बेटी के लिए लिखा था -
गुड़िया रानी चल दी दुल्हन बन के
मारवाड़ी घाघरे में बन ठन के .
जयपुरिया चूनरिया ओढ़े बीकानेरी बोरला
घूँघट में से ऐसे दमके जैसे सूरज भोर का
ओढ़नी से रूप झरे छन छन के .
नीचे नीचे पलकें मीचे, दबी जा रही लाज से
बीच हथेली मेंहदी दमके, अंग अंग पुखराज से
डोली में बिठाई बड़ी कह सुन के .
आगे आगे गाजे बाजे पीछे पीछे पालकी
जिनके पीछे चले बराती,जिनकी चाल कमाल की
गोरखा सिपाही जैसे पलटन के .
यह सुन्दर गीत अपने मित्र यश मालवीय से सुना जो एक अच्छे गीतकार हैं . पति और पत्नी दोनों मिल कर क्या खूब भाव विभोर होकर गाते हैं. उन्हें दो बेटे हैं. एक बेटी की कमी उन्हें कभी कभी खलती होगी. इस गीत की संवेदना उन लोगों को और भी अधिक छुएगी जो या तो अपनी बेटी विदा कर चुके हैं या फिर विदा करने वाले हैं . इस गीत की एक सुन्दर धुन भी है जो संभवतः रमेश रंजक की अपनी धुन है और इसी धुन में वह कवि सम्मलेन के मंचों पर यह गीत गाकर छा जाते थे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें