रविवार, 14 नवंबर 2010

राम की जल समाधि

पश्चिम में ढलका सूर्य
उठा वंशज
सरयू की रेती से
हारा हारा
रीता रीता
निःशब्द धरा
निःशब्द व्योम
निःशब्द अधर
पर रोम रोम
था टेर रहा सीता सीता.
किसलिए रहे अब ये शरीर
ये अनाथ मन किसलिए रहे
धरती को मैं किसलिए सहूँ
धरती मुझको किसलिए सहे.
तू कहाँ खो गयी वैदेही
वैदेही तू खो गयी कहाँ
मुरझे राजीव नयन बोले
कांपी सरयू
सरयू कांपी
देवत्व हुआ लो पूर्णकाम
नीली माटी निष्काम हुयी
इस स्नेहहीन देह के लिए
अब सांस सांस
संग्राम हुयी .
ये राजमुकुट
ये सिंहासन
ये दिग्विजयी वैभव अपार
ये प्रियाहीन
जीवन मेरा
सामने नदी की अगम धार
मांग रे भिखारी लोक मांग
कुछ और मांग
अंतिम बेला
इन अंचलहीन  आंसुओं से
नहला बूढ़ी  मर्यादाएं
आदर्शों के जलमहल बना
फिर राम मिले न मिले तुझको
कल ऐसी शाम ढले न ढले.
ओ खंडित प्रणयबन्ध मेरे
किस ठौर कहाँ तुझको जोडूँ
कब तक पहनू ये मौन धैर्य
बोलूं भी तो
किससे बोलूं.
सिमटे
अब ये लीला सिमटे
भीतर भीतर गूंजा भर था
छप से पानी में पाँव पड़ा
कमलों से लिपट गयी सरयू
फिर लहरों पर वाटिका खिली
रतिमुख सखियाँ
नतमुख सीता
सम्मोहित मेघबरन तड़पे
पानी घुटनों घुटनों आया
घुटनों घुटनों आया पानी
फिर धुंआ धुंआ
फिर अंधियारा
लहरों लहरों धारा धारा
व्याकुलता फिर पारा पारा
फिर एक हिरन सी
किरन देह
दौड़ती चली आगे आगे
आँखों में जैसे बाण साधा
दो पाँव उड़े
जल में आगे
पानी लो नाभि नाभि आया
आया लो नाभि नाभि पानी .
जल में तम
तम में जल बहता
ठहरो बस और नहीं कहता
जल में कोई जीवित दहता 
फिर एक तपस्विनी शांत सौम्य 
धक् धक् लपटों में
निर्विकार
सशरीर सत्य सी सम्मुख थी
उन्माद नीर चीरने लगा
पानी छाती छाती आया
आया छाती छाती पानी .
भीतर लहरें
बाहर लहरें
आगे जल था
पीछे जल था
केवल जल था
वक्षस्थल था 
वक्षस्थल तक केवल जल था .
जल पर तिरता था नीलकमल
बिखरा बिखरा सा नीलकमल
कुछ और और सा नीलकमल
फिर फूटा जैसे ज्योति प्रहर
धरती से नभ तक
जगर मगर
दो टुकड़े धनुष पड़ा नीचे
जैसे सूरज के हस्ताक्षर
बाहों के  चन्दन घेरे से
दीपित जयमाल उठी ऊपर
सर्वस्व सौंपता शीश झुका
लो शून्य राम
लो राम लहर
फिर लहर लहर
लहरें लहरें
सरयू सरयू
सरयू सरयू
लहरें लहरें
लहरें लहरें
केवल तम ही तम
तम ही तम
जल ही जल
जल ही जल केवल
हे राम  राम
हे राम राम
हे राम  राम 
हे राम राम .

        गीतकार भारत भूषण इस अमर कविता को लिखने के कारण भारतीय जन मानस में सदैव बने रहेंगे.  सालों पहले उनसे मुलाक़ात हुयी थी कवि गीतकार पं उमाकांत मालवीय के घर पर .  बाद में वे दोनों  साथ साथ मेरे घर भी आये . भारत भूषण जी से यह कविता सस्वर सुनी थी.  कविता सुनाते समय उनकी आँखें आंसुओं से भरी थीं. कविता सुनने के बाद बड़ी देर तक कोई कुछ बोल न सका . सीता के चले जाने के बाद  एकाकी राम उनसे पहली भेंट याद करते हैं, धनुष भंग कौंधता है . बाद में सीता का जयमाल उठाना और राम का सर झुकाना, सीता की अग्नि परिक्षा -ये सब  स्मृति में चलचित्र की भाँति आते हैं और राम सरयू की और बढ़ते जाते हैं. जयमाल स्वीकारने के लिए राम का सर झुकाना और  सरयू में विलीन हो जाना. बाद में ऊपर केवल जल ही जल.  सीता के जाने के बाद राम का एकाकीपन और विरह में शरीर त्याग  देना .  सीता का बिछोह राम की जल समाधि पर ही शेष होता है.

गुरुवार, 11 नवंबर 2010

गुड़िया रानी चल दी दुल्हन बन के

रमेश रंजक का एक गीत जो उन्होंने अपनी बेटी के लिए लिखा था -

गुड़िया रानी चल दी दुल्हन बन के
मारवाड़ी घाघरे में बन ठन के .

जयपुरिया चूनरिया ओढ़े बीकानेरी बोरला
घूँघट में से ऐसे दमके जैसे सूरज भोर का
ओढ़नी से रूप झरे छन छन के  .

नीचे नीचे पलकें मीचे, दबी जा रही लाज से
बीच हथेली मेंहदी दमके, अंग अंग पुखराज से
डोली में बिठाई बड़ी कह सुन के .

आगे आगे गाजे बाजे पीछे पीछे पालकी
जिनके पीछे चले बराती,जिनकी चाल कमाल की
गोरखा सिपाही जैसे पलटन के .

    यह सुन्दर गीत अपने मित्र यश मालवीय से सुना जो एक अच्छे गीतकार हैं .  पति और पत्नी दोनों मिल कर क्या खूब भाव विभोर होकर गाते हैं.  उन्हें दो बेटे हैं.  एक बेटी की कमी उन्हें कभी कभी खलती होगी.  इस गीत की संवेदना उन लोगों को और भी अधिक  छुएगी जो या तो अपनी बेटी विदा कर चुके हैं या फिर विदा करने वाले हैं .  इस गीत की एक सुन्दर धुन भी है जो संभवतः रमेश रंजक की अपनी धुन है और इसी धुन में वह कवि सम्मलेन के मंचों पर यह गीत गाकर छा जाते थे.

बुधवार, 10 नवंबर 2010

चंद शेर इलाहाबाद से

कुछ शेर जो पढ़े इस बीच -
 
सब अपने अपने उसूले कशिश पे खिंचते हैं
बदन ज़मीं की तरफ, रूह आसमां की तरफ. -- मोहम्मद अब्दुल क़दीर

लगता है कई रात का जागा है मुसव्विर
तस्वीर की आँखों से थकन झाँक रही है. --- असलम इलाहाबादी

काँटा चुभे तो काँटों पे फिर चल के देखिये
मुमकिन है कोई काँटा ही काँटा निकाल दे. --- ज़मीर अहसन

आप छल बल के धनी हैं जीतिएगा आप ही
आपसे बेहतर मेरी उम्मीदवारी है तो है. --- एहतराम इस्लाम

बहक रहा है नया ये अमीर कैसा है
पता लगाओ कि उसका ख़मीर कैसा है. ---महमूद खाँ रायबरेलवी

सरकने लगती है तब ही क़दम तले से ज़मीन
जब अपने हाथ में सारा जहान लगता है. --- शम्सुर्ररहमान फ़ारुखी

क्या कह के तुझे याद करूं सोच रहा हूँ
हांलाकि मैं अलफ़ाज़ की वादी में खड़ा हूँ. --- मज़हर नसीम 

लज्ज़ते ग़म बढ़ा दीजिये / आप फिर मुस्कुरा दीजिये
मेरा दामन बहुत साफ़ है / कोई तोहमत  लगा दीजिये
एक समंदर ने आवाज़ दी / मुझको पानी पिला दीजिये
राज़ क्या राज़ की बात क्या / क़हक़हे में उड़ा दीजिये ---- राज़ इलाहाबादी

इरादा ये था कि डालेंगे आसमान पे ख़ाक
नतीजा ये है कि ख़ुद अट गए ग़ुबार में हम --- नैय्यर आकिल

आगाह अपनी मौत से कोई बशर नहीं
सामान सौ बरस का है, कल की खबर नहीं --- हैरत इलाहाबादी

तुम मुख़ातिब भी हो क़रीब भी हो
तुमको देखूँ  कि तुमसे बात करूं --- फिराक गोरखपुरी

तबीयत अपनी घबराती है जब सुनसान रातों में
हम ऐसे में तेरी यादों की चादर तान लेते हैं --- फिराक गोरखपुरी

ऐसे वैसे कैसे कैसे हो गए
कैसे कैसे ऐसे वैसे हो गए --- नूह नारवी

हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम
वो क़त्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होता --- अकबर इलाहाबादी

हंगामा है क्यूँ बरपा थोड़ी सी जो पी ली है
डाका तो नहीं डाला चोरी तो नहीं की है --- अकबर इलाहाबादी

कोई सूरज बनाता है कोई जुगनू बनाता है
मगर वैसा कहाँ बनता है जैसा तू बनाता है --- अतीक इलाहाबादी

       एक मज़े की बात ये है कि इन शेरों के लिखने वाले शायर या तो इलाहाबाद शहर के रहने वाले थे या फिर बाहर से आकर यहाँ बस गए थे.  इनकी बहुत सी पंक्तियाँ तो मुहावरों का रूप ले चुकी हैं.  मैंने इन शेरों को अपने  मित्र ख्वाजा जावेद अख्तर के एक लेख को पढ़ते समय नोट किया था.  ख्वाजा जावेद ख़ुद भी एक अच्छे शायर हैं और मुशायरों का संचालन भी अच्छा करते हैं.