आज शाम को कुछ मेहमान घर आयेंगे
सुनने में मामूली सी बात लगती है, खैर ...
अम्मा सुबह जल्दी ही उठ गयी
ढेरों काम करने ही थे
और आज तो दोगुने काम थे ...
ब्रश किया, चाय बनायी, पापा को आफिस भेजा
और काम में लग लग गयी
घर साफ़ किया , जाले निकाले
फ्रेमों को साफ़ किया
घर बना चुकी धूल को बेघर किया
पावदान जगह पे किया
देखते ही देखते सारा घर चमचमा दिया
फिर खाना बनाने में जुट गयी
पनीर,मशरूम,खीर .....
न जाने क्या क्या
अम्मा के हाथो से एक एक कर सजते गए
शाम को जब पापा आये
तो चाय बनाई
जल्द ही मेहमान भी आ गए
नीबू की चाय की फरमाइश हुई
चाय बना कर जब अम्मा ,
मेहमानों के पास आकर बैठी
तो किसी ने पूछ लिया
'और आप क्या करती हैं?'
अम्मा ने फीकी सी मुस्कान से थकान पोंछी
और जवाब दिया
'हॉउस वाइफ हूँ .....मैं काम नहीं करती.'
ये अचिन्त्य मालवीय की कविता है जो अभी बारहवीं के छात्र हैं. महत्वपूर्ण बात है कि इतनी कम उम्र के बच्चे इतने संवेदनशील हैं कि गृहस्थी में दिन रात खटने के बाद भी समाज में एक सामान्य हॉउस वाइफ अन्य काम काजी महिलाओं के मुकाबले कहाँ खड़ी है, ये देख पाते हैं. ज़ाहिर है आने वाला भविष्य बेहतर नागरिकों वाला होगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें